सुल्तानपुर: उत्तरप्रदेश के सुलतानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ। बस गुरूग्राम, हरियाणा से बिहार के सुपौल जा रही यात्रियों से भरी बस को पीछे से तेज रफ़्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खड़ी बस में पीछे से घुसा ट्रक
पुलिस के मुताबिक, हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 96.04 के पास रामनगर गदियाना क्षेत्र में सुबह करीब छह बजे हुआ है। गुरूग्राम से सुपौल जा रही बस किसी कारण से सड़क के किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। ठक्कर इतनी भयानक थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
तीन यात्रियों की मौत 11 घायल
इस हादसे में सवार तीन यात्रियों की जान चली गई। मृतकों की पहचान श्यामलाल मंडल, विनोद मंडल और किरण के रूप में बताई गई है। वही 11यात्री घायल हुए है। घायल यात्रियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस और राहत टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही बल्दीराय पुलिस, यूपीड़ा की राहत बचाव टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद प्रशासन ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का काम भी शुरू किया। तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एक्सप्रेसवे पर यातायात कराया गया सामान्य
हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस यूपीड़ा की टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हटवाया। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य करा दिया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है। की बस सड़क के किनारे किस वजह से खड़ी थी और ट्रक चालक से कोई लापरवाही थी या नहीं।
हादसे की जांच जारी
सुल्तानपुर पुलिस ने घटना को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल इस दर्दनाक दुर्घटना ने यात्रियों की सुरक्षा और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ़्तार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए है।











