जयपुर/मथुरा: श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा और खाटूश्याम जी पहुंच रहे हैं।यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इससे दिल्ली राजस्थान और आसपास के राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलने उम्मीद है।
जयपुर से मथुरा के लिए स्पेशल ट्रेन
उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से जयपुर-मथुरा के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। ट्रेन संख्या 09721 जयपुर से 3 से 5 सितंबर तक चलेगी। यह ट्रेन जयपुर से दोपहर 1:00 बजे रवाना होकर शाम 6:50 बजे मथुरा पहुंचेगी। वापसी में 09722 मथुरा-जयपुर स्पेशल रात 8:00 बजे मथुरा से रवाना होकर अगले दिन रात 2:35 बजे जयपुर पहुंचेगी।
यह ट्रेन गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, दौसा, बांदीकुई, राजगढ़, मालाखेड़ा, अलवर, गोविंदगढ़, बृजनगर, डिग और गोवर्धन समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन में 15 साधारण श्रेणी के डिब्बों समेत कुल 17 डिब्बें होंगे।
खाटूश्याम जी जाने वालों को भी राहत
खाटूश्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए दिल्ली-रिंगस के बीच अनरक्षित स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की गई है। ट्रेन संख्या 04415 है। जो 3, 4 और 5 सितंबर को शाम 6:50 बजे दिल्ली से रवाना होकर रात 12:40 बजे रिंगस पहुंचेगी। वापसी में 04416 रिंगस-दिल्ली स्पेशल 4, 5 और 6 सितंबर को रात 2:00 रिंगस से रवाना होकर सुबह 7:00 दिल्ली पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीम का थाना समेत प्रमुख स्टेशनों पर होगा। रिंगस स्टेशन खाटूश्यामजी मंदिर जानेवाले श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशन है।
मथुरा के लिए दिल्ली से भी स्पेशल ट्रेनें
हजरत निजामुद्दीन और मथुरा जंक्शन के बीच भी दो जोड़ी अनरक्षित विशेष ट्रेनें 3 से 5 सितंबर तक चलाई जा रही हैं। 04410 हजरत निजामुद्दीन से सुबह 10:30 बजे रवाना होकर दोपहर 1:05 बजे मथुरा पहुंचेगी, जबकि 04409 मथुरा से दोपहर 1:35 बजे चलकर शाम 4:45 निजामुद्दीन पहुंचेगी। दूसरी सेवा में 04412 सुबह 9:45 बजे ने निजामुद्दीन से और 04411 दोपहर 12:50 बजे मथुरा से रवाना होगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे की तैयारी
जन्माष्टमी के दौरान मथुरा और खाटूश्याम जी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सफर से पहले ट्रेन का ताजा समय और ठहराव NTES या रेलवे हेल्पलाइन 139 से जरूर जांच लें, क्योंकि विशेष ट्रेनों के संचालन में बदलाव संभव हो सकता है।













