Asian Games 2026: एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में भारत और अफगानिस्तान आमने-सामने होने वाले थे, लेकिन बारिश ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। लगातार बारिश के कारण मैदान की स्थिति खेलने लायक नहीं हो सकी और आखिरकार मुकाबले को रद्द करना पड़ा। मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। ऐसे में टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार बेहतर रैंकिंग वाली टीम को अगले दौर में जगह दी गई और भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया।
भारत को रैंकिंग का मिला फायदा
भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला रद्द होने के बाद भारत को उसकी बेहतर ICC T20I रैंकिंग का फायदा मिला। क्वार्टरफाइनल में अगर बारिश या किसी अन्य कारण से मैच का नतीजा नहीं निकलता तो बेहतर रैंकिंग वाली टीम को सेमीफाइनल में जगह मिलती है। इस नियम के तहत भारतीय टीम ने अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर ली।
भारत के लिए यहमुकाबला काफी अहम माना जा रहा था। क्योंकि टीम एशियन गेम्स में पहले अभियान को आगे बढ़ाने के लिए मैदान पर उतरने वाली थी, हालांकि मौसम ने टीम को खेलने का मौका ही नहीं दिया। दूसरी और अफगानिस्तान के लिए यह निराशाजनक रहा, क्योंकि टीम को बिना मुकाबला किए टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
सेमीफाइनल में किससे भिड़ेगा भारत
क्वार्टरफाइनल में जीत के बाद अब भारतीय टीम की नजर सेमीफाइनल पर है। भारत का सामना श्रीलंका और नेपाल के बीच होने वाले वाले क्वार्टरफाइनल मुकाबले के विजेता से होगा। सेमीफाइनल मुकाबला 1 अक्टूबर को खेला जाना है। टीम इंडिया की कोशिश अब अगले मुकाबले में मैदान पर उतरकर जीत हासिल करने और फाइनल में जगह बनाने की होगी।
बारिश बनी क्रिकेट की सबसे बड़ी चनौती
एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबले में मौसम का असर लगातार देखने को मिल रहा है। भारत-अफगानिस्तान मुकाबले से पहले पाकिस्तान और हांगकांग के बीच क्वार्टरफाइनल मुकाबला भी बारिश के कारण रद्द हुआ था। उस मुकाबले में भी बेहतर रैंकिंग के आधार पर पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह मिली। ऐसे में टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में मौसम की भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो गई है।
अब भारत की नजर फाइनल पर
भारत के लिए अब क्वार्टरफाइनल की चिंता खत्म हो चुकी है और टीम का पूरा ध्यान सेमीफाइनल पर होगा। बिना मैच खेल अंतिम चार में पहुंचने के बाद भारतीय टीम के पास फाइनल तक पहुंचाने का मौका है। हालांकि अगले मुकाबले में टीम को मैदान पर अपना प्रदर्शन साबित करना होगा।









