प्रयागराज: रक्षाबंधन पर प्रयागराज में बहनों के लिए सफर आसान होने वाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 27 से 29 अगस्त तक रोडवेज बसों में महिलाओं को पूरे प्रदेश में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने को कहा है। जो कि आज से प्रारंभ हो एह है, खास बात यह है कि प्रयागराज शहर में पहली बार डबल डेकर बस में भी बहनों को मुफ्त सफर का मौका मिलेगा। प्रयागराज क्षेत्र में करीब 610 बसें अलग-अलग प्रमुख मार्गों पर चलाने की तैयारी है।
पहली बार डबल डेकर में भी मुफ्त सफर
रक्षाबंधन पर इस बार प्रयागराज की बहनों को बस से घर जाने के लिए किराये की चिंता नहीं करनी होगी। शहर में पहली बार डबल डेकर बस सेवा के साथ मुफ्त यात्रा का मौका मिलने जा रहा है। डबल डेकर बस का ट्रायल 27 अगस्त गुरुवार को कराया जाएगा। इसके बाद इसके नियमित संचालन को लेकर फैसला लिया जाएगा। डबल डेकर बस को लेकर शहर के लोगों में पहले से ही उत्सुकता है। ऐसे में रक्षाबंधन पर इसमें मुफ्त सफर का मौका मिलना इस सेवा को और खास बना रहा है।
610 बसें रहेंगी प्रयागराज के सड़कों पर
रक्षाबंधन के दौरान बसों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रयागराज परिक्षेत्र में करीब 610 बसें प्रमुख मार्गों पर चलाने की तैयारी है। इन बसों के जरिए प्रयागराज से जुड़े अलग-अलग शहरों और कस्बों तक यात्रियों को पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। इसका सीधा फायदा उन बहनों को मिलेगा जो रक्षाबंधन पर अपने मायके या भाई के घर जाने की तैयारी कर रही हैं। ज्यादा बसें चलने से भीड़ को संभालने और यात्रियों को समय पर बस मिलने में मदद मिल सकती है।
27 से 29 अगस्त तक नहीं देना होगा किराया
उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक रखने का फैसला किया है। महिला यात्री अपने साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा करा सकेंगी। यह सुविधा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में लागू रहेगी। रोडवेज के क्षेत्रीय मंत्री प्रबंधन रविंद्र सिंह के अनुसार, प्रयागराज में डबल डेकर बस के ट्रायल के बाद उसको बहनों के लिए मुफ्त यात्रा कराया जाएगा।
नैनी की इलेक्ट्रिक बसों मे मुफ्त सफर
प्रयागराज में सिर्फ रोडवेज बसों तक ही यह सुविधा सीमित नहीं रहेगी। नैनी से चलने वाली करीब 50 इलेक्ट्रिक बसें भी सुबह 6 बजे से शाम तक शहर के अलग-अलग रूटों पर चलेंगी। रक्षाबंधन के दौरान इन बसों में भी बहनों को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। उन यात्रियों के लिए यह सुविधा काम की होगी जिन्हें रेलवे स्टेशन, बस अड्डे या शहर के दूसरे हिस्सों तक पहुंचना है।
बहनों के लिए इस बार सफर थोड़ा आसान
रक्षाबंधन सिर्फ राखी बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि इस दिन बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों से मिलने के लिए सफर भी करती हैं। ऐसे में तीन दिनों तक मुफ्त बस यात्रा की सुविधा उनके खर्च को कम करने के साथ सफर को आसान बनाने में मदद कर सकती है। प्रयागराज में डबल डेकर बस, इलेक्ट्रिक बसों और बड़ी संख्या में रोडवेज बसों की व्यवस्था है ।खासकर पहली बार डबल डेकर बस में मुफ्त यात्रा का मौका लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।










1 thought on “प्रयागराज न्यूज: डबल डेकर से लेकर 610 बसों में फ्री सफर, रक्षाबंधन पर बहनों की बल्ले-बल्ले”