मुजफ्फरपुर के लोगों का हवाई सेवा को लेकर लंबा इंतजार अब खत्म होता दिख रहा है। पताही हवाई अड्डे के प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम, एसएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर रनवे और परिसर का जायजा लिया। मुख्यमंत्री समाट चौधरी के सितंबर के पहले या दूसरे हफ्ते में मुजफ्फरपुर आने की संभावना जताई जा रही है, जिसके बाद विधिवत भूमि पूजन हो सकता है।
मुजफ्फरपुर।मुजफ्फरपुरवासियों के लंबे इंतजार के बाद पताही हवाई अड्डे को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रस्तावित एयरपोर्ट के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार शाम जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र समेत प्रशासन व डीजीसीए के अधिकारियों की टीम पताही एयरपोर्ट परिसर पहुंची और रनवे से लेकर पूरे परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध सुविधाओं, रनवे की स्थिति और कार्यक्रम के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जरूरी बिंदुओं पर चर्चा की गई। खासकर एयरपोर्ट परिसर में अनधिकृत लोगों की आवाजाही रोकने और पास से गुजरने वाले नेशनल हाईवे के कारण उत्पन्न होने वाली सुरक्षा चुनौतियों को लेकर अधिकारियों ने स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पूर्वी एवं पश्चिमी, एसडीपीओ सरैया और डीजीसीए के अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान वीआईपी और आम लोगों की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था तथा परिसर में आवश्यक तैयारियों को लेकर भी जानकारी ली।
सितंबर के दूसरे सप्ताह में शिलान्यास की तैयारी
पताही हवाई अड्डे के शिलान्यास कार्यक्रम को सितंबर के दूसरे सप्ताह तक प्रस्तावित माना जा रहा है। मुख्यमंत्री की ओर से पहले ही शिलान्यास की घोषणा की जा चुकी है। ऐसे में जिला प्रशासन कार्यक्रम में किसी तरह की कमी नहीं रहने देना चाहता। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम से पहले एयरपोर्ट परिसर की वास्तविक स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा रही है।
हाईवे के कारण सुरक्षा पर विशेष फोकस
पताही एयरपोर्ट परिसर के समीप से नेशनल हाईवे गुजरता है। ऐसे में शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की तैयारी है। अधिकारियों ने परिसर में अनधिकृत आवाजाही पर रोक लगाने के साथ हाईवे से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था को भी दुरुस्त करने पर चर्चा की।पताही एयरपोर्ट के शिलान्यास को लेकर प्रशासनिक स्तर पर शुरू हुई यह कवायद मुजफ्फरपुर में हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीदों को और मजबूत कर रही है। आने वाले दिनों में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासन की ओर से अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।
104 करोड़ की लागत से होगा विकास
मिली जानकारी के अनुसार, पताही हवाई अड्डे का विकास कार्य करीब 104 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बीते जुलाई महीने में मुजफ्फरपुर के एमआइटी कैंपस में आयोजित एक कार्यक्रम में जिले को करीब 104 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए यह घोषणा की थी कि जल्द ही पताही एयरपोर्ट का शिलान्यास किया जाएगा। अब करीब डेढ़ महीने बाद प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है।
कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं केंद्रीय मंत्री
संभावित शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ केंद्र सरकार के कुछ मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री और अन्य मंत्री भी इस मौके पर मौजूद रह सकते हैं।
डीएम-एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सोमवार को जिला प्रशासन की एक टीम ने पताही हवाई अड्डा परिसर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। इस टीम में जिलाधिकारी कुमार गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र, एसडीएम पूर्वी, एसडीएम पश्चिमी, एसडीपीओ सरैया और डीजीसीए के अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने हवाई अड्डे के रनवे सहित पूरे परिसर का जायजा लेते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि पताही हवाई अड्डे का बारीकी से निरीक्षण किया गया है और डीजीसीए के निर्देश पर यह कवायद की गई, ताकि शिलान्यास कार्यक्रम से पहले किसी भी तरह की कमी बाकी न रहे और कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
मुजफ्फरपुरवासियों की नजर सीएम के दौरे पर
पताही हवाई अड्डे के निरीक्षण और प्रशासनिक तैयारियों के बाद अब मुजफ्फरपुरवासियों की नजरें मुख्यमंत्री के 7 सितंबर के संभावित दौरे और शिलान्यास कार्यक्रम पर टिकी हैं। यदि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार शिलान्यास होता है, तो यह लंबे समय से हवाई सेवा की राह देख रहे मुजफ्फरपुरवासियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगी।









