---Advertisement---

लोकार्पण से पहले ही धंस गया राम वनगमन पथ, 4400 करोड़ की सड़क में 4 जगह दरार

प्रयागराज: प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर धाम में राम वनगमन पथ की नवनिर्मित सड़क में करीब 100 मीटर के दायरे में चार जगह दरार और धंसाव सामने आया है। सड़क की हालत को देखते हुए आवागमन रोक दिया गया और ठेकेदार को नोटिस दिया गया है। इसी मामले पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सड़क धंसेगी तो उसे दोबारा बनाया जाएगा, लेकिन गुणवत्ता खराब मिलने पर जांच और कार्रवाई होगी।

लोकार्पण से पहले सड़क में दरार

राम वनगमन पथ प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर धाम मे सड़क के लोकार्पण यानि सड़क को आधिकारिक तौर पर जनता के लिए शुरू करने से पहले ही उसमें दरार और धंसाव आ गया। श्रृंगवेरपुर धाम में लखनऊ मार्ग से गंगा पुल की ओर जाने वाले राम वनगमन पथ पर करीब 100 मीटर के दायरे में चार जगह सड़क में दरारें और धंसाव मिला है। कुछ हिस्सों में सड़क नीचे बैठ गई है और किनारे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके बाद इस रास्ते पर आवागमन रोक दिया गया।

4400 करोड़ की राम वनगमन पथ परियोजना

राम वनगमन पथ अयोध्या से चित्रकूट तक करीब 210 किलोमीटर लंबे धार्मिक मार्ग के रूप में तैयार किया जा रहा है। पूरी परियोजना पर करीब 4,400 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इसका मकसद अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, श्रृंगवेरपुर धाम, कौशाम्बी और चित्रकूट जैसे प्रमुख स्थानों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना है। राम वनगमन पथ भगवान श्रीराम जी की वनगमन यात्रा से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए बनाई जा रही।

बारिश के बाद सामने आई सड़क की हालत

राम वनगमन पथ प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर धाम सड़क के क्षतिग्रस्त होने के पीछे बारिश को वजह बताया गया है। निर्माण एजेंसी के इंजीनियर के मुताबिक ज्यादा बारिश से कुछ स्लैब दब गए। वहीं, सड़क निर्माण के दौरान ही इस तरह दरार और धंसाव सामने आने से स्थानीय लोगों ने निर्माण की मजबूती और गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।

डिप्टी सीएम बोले “सड़क धंसेगी तो दोबारा बनेगी”

प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर धाम सड़क धंसने के मामले पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सड़क बनेगी तो धंसेगी और धंसने पर दोबारा बनाई जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर जांच में गुणवत्ता खराब पाई गई तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ठेकेदार को नोटिस, मरम्मत का काम शुरू

सड़क की स्थिति सामने आने के बाद संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर धंसाव का कारण पूछा गया है। विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक कराने का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार सड़क का औपचारिक लोकार्पण और हैंडओवर अभी नहीं हुआ है, इसलिए निर्माण पूरा होने से पहले ही खराब हिस्से की मरम्मत कराई जा रही है।

गंगा पुल भी इसी परियोजना की अहम कड़ी

श्रृंगवेरपुर धाम में गंगा नदी पर करीब 1,200 मीटर लंबा छह लेन का पुल भी इसी परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके जरिए प्रयागराज के गंगापार क्षेत्र को कौशाम्बी और आगे चित्रकूट से जोड़ने की योजना है। सड़क के साथ पुल के कुछ हिस्सों में भी दरारें सामने आने की बात रिपोर्टों में कही गई है।

Follow Us On

---Advertisement---

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment