Argentina vs Switzerland: अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया, फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में बनाई जगह
फीफा वर्ल्ड कप 2026: मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। कड़ी टक्कर वाले इस मुकाबले में फैसला अतिरिक्त समय (Extra Time) में हुआ, जहां अर्जेंटीना ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत अपने नाम की।
मैच की शुरुआत में एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने लियोनेल मेसी के कॉर्नर पर शानदार हेडर लगाकर अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई। हालांकि दूसरे हाफ में डैन एनडोये ने गोल कर स्विट्जरलैंड को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद स्विट्जरलैंड को बड़ा झटका लगा, जब ब्रील एम्बोलो को VAR समीक्षा के बाद रेड कार्ड दिखाया गया और टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हो गई।
जूलियन अल्वारेज़ ने 112वें मिनट में शानदार लंबी दूरी का गोल
निर्धारित 90 मिनट में मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद मैच अतिरिक्त समय में पहुंचा। यहां अर्जेंटीना ने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाया। जूलियन अल्वारेज़ ने 112वें मिनट में शानदार लंबी दूरी का गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि लौतारो मार्टिनेज़ ने अंत में तीसरा गोल कर जीत पर मुहर लगा दी।
अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप जीत सकती है
इस जीत के साथ अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने के अपने अभियान में एक कदम और आगे बढ़ गया है। अब सेमीफाइनल में उसकी भिड़ंत इंग्लैंड से होगी, जिसे टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक माना जा रहा है।










