प्रयागराज: ‘हनुमान अंश‘ मूवी जो कि अभी बहुत ही ज्यादा ही प्रचलित हो रही है और बॉक्स ऑफिस काफी अच्छा कर रही है। यह मूवी लोगो के द्वारा काफी पसंद की जा रही है। प्रयागराज के गौतम त्रिपाठी फिल्म ‘हनुमान अंश’ में नजर आ रहे हैं। फिल्म में उन्होंने राधेश्याम का किरदार निभाया है। गौतम करीब नौ साल पहले रंगमंच से जुड़े थे और अब बड़े पर्दे तक पहुंचे हैं। इस फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और फिल्म के निर्देशन के लिए उन्हें काफी प्रशंसा मिल रही है।
प्रयागराज के गौतम को मिला बड़ा मौका
गौतम त्रिपाठी प्रयागराज के रहने वाले हैं और लंबे समय से रंगमंच से जुड़े हैं। उन्होंने करीब नौ साल पहले अनिल रंजन भौमिक की रंगमंच कार्यशाला से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद राकेश वर्मा के मार्गदर्शन में उन्होंने थिएटर में काम जारी रखा। अब गौतम फिल्म ‘हनुमान अंश’ में राधेश्याम की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म में कौन हैं राधेश्याम?
गौतम ने फिल्म में जिस राधेश्याम का किरदार निभाया है, उनका संबंध कैंची धाम से दिखाया गया है। फिल्म मे राधेश्याम के घर पर बाबा नीब करौरी अक्सर खाना खाने आया करते थे। फिल्म में इसी रिश्ते को कहानी का हिस्सा बनाया गया है। गौतम के राधेश्याम वाले हिस्से की ज्यादातर शूटिंग चित्रकूट में हुई थी। फिल्म की शूटिंग नवंबर 2025 में हुई थी।
रामलीला में भी निभा चुके हैं कई किरदार
फिल्मों में आने से पहले गौतम प्रयागराज की रामलीला में भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने श्रीश्री बाल रामलीला कमेटी, सिविल लाइंस में करीब पांच साल तक भरत और श्रवण कुमार की भूमिका निभाई। थिएटर के इसी अनुभव ने उन्हें आगे फिल्मों में काम करने का रास्ता दिया। गौतम त्रिपाठी इससे पहले अभिनेता राजकुमार राव की फिल्म ‘शादी में जरूर आना’ में भी एक भूमिका निभा चुके हैं। यानी ‘हनुमान अंश’ उनके लिए पहली फिल्म नहीं है, लेकिन इस फिल्म में उन्हें एक महत्वपूर्ण किरदार निभाने का मौका मिला है।
‘हनुमान अंश’ मूवी की कहानी
7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ नीब करौरी बाबा के जीवन पर बनी बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म है। फिल्म में बाबा के जीवन, उनके आध्यात्मिक सफर और लोगों से उनके जुड़ाव को दिखाया गया है। फिल्म में शोभिनाव सत्य ने नीब करौरी बाबा की भूमिका निभाई है। प्रयागराज के लिए खास बात यह है कि फिल्म के कलाकार गौतम त्रिपाठी ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत इसी शहर के रंगमंच से की और अब उनका काम बड़े पर्दे तक पहुंचा है।












