नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन के पास एक नए अंडरग्राउंड स्टेशन के निर्माण का काम शुरू कर दिया है। यह स्टेशन बहुचर्चित सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर का हिस्सा है, जो मैजेंटा लाइन को जनकपुरी वेस्ट से आर.के. आश्रम मार्ग तक विस्तार देगा।
शिवाजी स्टेडियम में नए अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन का निर्माण मंगलवार को शुरू हो गया। DMRC द्वारा बनाए जा रहे इस स्टेशन की आधारशिला उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने रखी।यह स्टेशन मैजेंटा लाइन के जनकपुरी वेस्ट-आर.के. आश्रम मार्ग विस्तार और 9.9 किलोमीटर लंबे सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर का हिस्सा है। इससे केंद्रीय दिल्ली के सरकारी कार्यालयों, स्मारकों और प्रमुख संस्थानों तक मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होगी।स्टेशन मौजूदा एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के नीचे करीब 38 मीटर गहराई में बनाया जाएगा। जिससे दोनों लाइनों के बीच सुरक्षित दूरी बनी रहे।शुरुआती चरण में भूमिगत संरचना को मजबूती देने के लिए डायफ्राम वॉल बनाई जा रही है। कॉरिडोर के सेंट्रल सचिवालय स्टेशन पर काम 24 जून से जारी है।
इंडिया गेट से इंद्रप्रस्थ तक 9 स्टेशनों की भूमिगत यात्रा शुरू–
सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर कुल 9.9 किलोमीटर लंबा होगा और इसे दिल्ली मेट्रो की अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी अंडरग्राउंड परियोजनाओं में गिना जा रहा है। इस पूरे कॉरिडोर पर नौ अंडरग्राउंड स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं, जो शिवाजी स्टेडियम से शुरू होकर इंद्रप्रस्थ तक फैलेंगे। इस सूची में शिवाजी स्टेडियम के बाद युगे युगीन भारत, सेंट्रल सचिवालय, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस और भारत मंडपम जैसे महत्वपूर्ण पड़ाव शामिल हैं, जो सीधे दिल्ली के सबसे प्रतिष्ठित प्रशासनिक और ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ेंगे।DMRC इस पूरे कॉरिडोर पर एक साथ नहीं, बल्कि चरणबद्ध तरीके से काम शुरू कर रहा है। इसकी शुरुआत सेंट्रल सचिवालय स्टेशन से हुई, जहां निर्माण कार्य 24 जून से ही चल रहा है। अब शिवाजी स्टेडियम स्टेशन के जुड़ने के साथ इस मेगा-प्रोजेक्ट ने और रफ्तार पकड़ ली है, और आने वाले महीनों में बाकी स्टेशनों पर भी काम शुरू होने की उम्मीद है।
कौन बना रहा है यह मेगा प्रोजेक्ट?जानिए पूरी इनसाइड स्टोरी
इस परियोजना का निर्माण कार्य अफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को सौंपा गया है। DMRC के मुताबिक, खुदाई के दौरान निकलने वाली मिट्टी और मलबे को हटाने के लिए रोज़ाना करीब 25 डंपर ट्रिप चलाई जाएंगी। यातायात और स्थानीय निवासियों को असुविधा कम करने के लिए मलबे को ढककर ले जाना, पहियों की धुलाई, मलबा गिरने से रोकना और प्रभावित सड़कों की तुरंत सफाई जैसे कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा, नया शिवाजी स्टेडियम स्टेशन एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन (ऑरेंज लाइन) के साथ एक इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित होगा। साथ ही, राजीव चौक स्टेशन (ब्लू लाइन) को शिवाजी स्टेडियम स्टेशन से जोड़ने के लिए करीब 800 मीटर लंबी अंडरग्राउंड सबवे भी बनाई जाएगी, जिसमें पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैवलेटर लगाए जाएंगे।
दिल्ली के सेन्ट्रल विस्टा कॉरिडोर को मिलेगी नई रफ्तार
मौजूदा स्थित शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन दिल्ली मेट्रो के एयरपोर्ट एक्सप्रेस (मैजेंटा) लाइन का एक अहम पड़ाव है, जो प्रायोजन समझौते के तहत “ONGC शिवाजी स्टेडियम” के नाम से भी जाना जाता है। यह स्टेशन 23 फरवरी 2011 से यात्रियों की सेवा में है और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन व एयरपोर्ट के बीच सफर करने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी पॉइंट रहा है।अब इसी परिसर के ठीक नीचे एक नया अंडरग्राउंड स्टेशन तैयार हो रहा है, जो न सिर्फ मैजेंटा लाइन को आगे बढ़ाएगा, बल्कि इसे एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के साथ एक इंटरचेंज स्टेशन के रूप में भी विकसित करेगा। यानी एक ऐतिहासिक स्टेशन अब दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सबसे बड़े विस्तार का हिस्सा बनने जा रहा है।














