प्रयागराज में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बड़ा प्रोजेक्ट सामने आया है। अरैल घाट के पीछे 3.22 एकड़ जमीन पर 550 बेड का मल्टी-सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसे PPP मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा
अरैल में बदलने वाली है स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर
प्रयागराज के अरैल इलाके में आने वाले समय में एक बड़ा अस्पताल देखने को मिल सकता है। प्रयागराज नगर निगम ने 550 बेड के मल्टी-सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल के विकास और संचालन के लिए Park Medi World को mandate दिया है।अस्पताल के लिए अरैल घाट के पीछे 3.22 एकड़ जमीन तय की गई है। संगम क्षेत्र के नजदीक होने के कारण इस सुविधा से शहर के साथ आसपास के इलाकों के लोगों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
200 करोड़ रुपये की परियोजना
इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 200 करोड़ रुपये निवेश किए जाने की योजना है। परियोजना में राज्य सरकार की ओर से 76.52 करोड़ रुपये की सहायता/रीइम्बर्समेंट का प्रावधान भी बताया गया है।बाकी निवेश कंपनी की ओर से किया जाएगा। अस्पताल को PPP यानी Public-Private Partnership मॉडल पर विकसित किया जाना है।
दो साल में तैयार करने का लक्ष्य
अस्पताल का निर्माण appointed date से दो साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि अभी अस्पताल में मरीजों का इलाज कब से शुरू होगा, इसकी कोई निश्चित तारीख सामने नहीं आई है।यानी फिलहाल यह परियोजना निर्माण और विकास के चरण में है।
45 साल तक संचालन का प्रावधान
अस्पताल तैयार होने के बाद Park Medi World को इसे लंबे समय तक संचालित करने की जिम्मेदारी मिलेगी। परियोजना के तहत 45 साल की concession/lease अवधि रखी गई है।इसके लिए कंपनी को तय शर्तों के अनुसार concession fee भी देनी होगी।
स्थानीय लोगों का होगा फायदा
550 बेड की यह सुविधा शुरू होने के बाद प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के पास गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए एक और बड़ा विकल्प होगा।विशेषज्ञ इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करने वाले मरीजों को अपने ही शहर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। हालांकि अस्पताल में कौन-कौन सी विशेष सेवाएं उपलब्ध होंगी, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।











