लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी लड़ाई अब सोशल मीडिया और AI वीडियो तक पहुंच गई है। सोमवार को लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़ी एक AI-जनरेटेड वीडियो दिखाई गई। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि BJP पार्टी के लोग AI video बनाकर सपा व उनके नेताओं की छवि खराब करना चाहती है।
पहले अखिलेश का AI वीडियो
मामला एक AI वीडियो से शुरू हुआ। हाल में सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को लेकर एक वीडियो सामने आया था, जिसका कथन “यूपी बदनाम हुआ था, हां टीपू तेरे मारे” जिसमें अखिलेश यादव व उनके साथियों को नकारात्मक अंदाज में दिखाया गया था। इसके बाद अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान योगी आदित्यनाथ से जुड़ा एक AI वीडियो स्क्रीन पर चलवाया।
फिर अखिलेश ने किया पलटवार
अखिलेश यादव की AI वीडियो वॉयरल होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा पार्टी द्वारा भी AI वीडियो दिखाई गई। AI वीडियो में योगी आदित्यनाथ की छवि को डिजिटल तरीके से बदलकर पेश किया गया। वीडियो में योगी आदित्यनाथ को चिलम पीते हुए दिखाया गया। लेकिन यह वास्तविक घटना का वीडियो नहीं, बल्कि AI से तैया की गई है। वीडियो के जरिए योगी सरकार की कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर निशाना साधा गया। अखिलेश ने AI के इस्तेमाल को लेकर कहा कि अगर इस तरह की विडियो के जरिए राजनीति होगी तो समाजवादी पार्टी भी जवाब देने में पीछे नहीं रहेगी।
BJP ने भी किया पलटवार
AI वीडियो सामने आने के बाद भाजपा की ओर से भी प्रतिक्रिया आई। भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा पर AI वीडियो के जरिए भाजपा की छवि खराब करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसे वीडियो से भाजपा की छवि खराब नहीं होने वाली। यानी अब दोनों प्रमुख पार्टियों के बीच लड़ाई सिर्फ रैलियों और भाषणों तक नहीं रह गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो, मीम और AI से तैयार सामग्री भी चुनावी प्रचार का हिस्सा बनती दिख रही है।
2027 चुनाव से पहले तेज हो रही डिजिटल लड़ाई
उत्तर प्रदेश विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 मई 2027 तक है। चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में भी उत्तर प्रदेश विधानसभा की अवधि की यही तारीख दर्ज है। ऐसे में अगले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज होना स्वाभाविक है। इस बार चुनावी मैदान में सोशल मीडिया की भूमिका और बड़ी हो सकती है। यही वजह है कि ऐसे कंटेंट को देखते समय यह जांचना जरूरी होगा कि वीडियो असली है या AI से बनाया गया है।
अखिलेश ने AI को लेकर BJP को दी चुनौती
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी AI के मामले में पीछे नहीं है और अगर उनके खिलाफ इस तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा तो सपा भी जवाब देगी। उन्होंने इस पूरे विवाद को 2027 के चुनाव से पहले चल रही राजनीतिक लड़ाई से जोड़ते हुए सरकार पर कई दूसरे मुद्दों को लेकर भी हमला बोला।










