प्रयागराज: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के PhD दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। अभी स्नातक छात्रों की दाखिला हो चुकी है और सारे विभाग के कक्षाएं भी प्रारंभ हो गई है। PhD में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन 2 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक किए जा सकेंगे। विश्वविद्यालय ने पात्रता, मान्य परीक्षाओं और आरक्षण से जुड़ी जानकारी जारी कर दी है।
2 सितंबर से खुलेगा आवेदन
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के PhD कार्यक्रम में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन 2 सितंबर से शुरू होंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन विश्वविद्यालय के ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल के जरिए करना होगा। आवेदन की आखिरी तारीख 25 सितंबर 2026 रखी गई है। इसलिए PhD करने की तैयारी कर रहे छात्रों को आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा कर लेना बेहतर रहेगा।
किन परीक्षाओं के स्कोर होंगे मान्य?
विश्वविद्यालय के अनुसार PhD प्रवेश के लिए दिसंबर 2025 और जून 2026 में हुए UGC-NET और CSIR-NET के परिणाम मान्य होंगे। इसके अलावा संबंधित विषय में पात्रता के अनुसार BET-DBT, DHR-BRET, NBHM Doctoral Scholarship Examination, Visvesvaraya PhD Scheme, GATE, JEST और ICAR की निर्धारित अवधि में हुई परीक्षाओं के स्कोर भी स्वीकार किए जाएंगे। यानी आवेदन करने से पहले अभ्यर्थी को यह देखना होगा कि उसका परीक्षा स्कोर संबंधित विषय की PhD पात्रता में मान्य है या नहीं।
आरक्षण का लाभ इन वर्गों को मिलेगा
PhD में सीटों का आरक्षण भारत सरकार और UGC के लागू नियमों के अनुसार किया जाएगा। विश्वविद्यालय की जारी जानकारी के मुताबिक:
•SC: 15 प्रतिशत
•ST: 7.5 प्रतिशत
•OBC-NCL: 27 प्रतिशत
•EWS: 10 प्रतिशत
•PwD: 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण
एक से ज्यादा विषय में आवेदन करना है तो अलग फॉर्म
अगर कोई अभ्यर्थी एक से ज्यादा विषयों में PhD के लिए आवेदन करना चाहता है, तो उसे हर विषय के लिए अलग ऑनलाइन आवेदन करना होगा। प्रत्येक विषय के लिए निर्धारित रजिस्ट्रेशन फीस भी अलग से जमा करनी होगी।
आवेदन से पहले ये चीजें जरूर जांच लें
फॉर्म भरने से पहले अभ्यर्थियों को संबंधित विषय की पात्रता, मान्य परीक्षा, जरूरी दस्तावेज और आरक्षण से जुड़े नियम ध्यान से पढ़ लेने चाहिए। विश्वविद्यालय ने साफ किया है कि प्रवेश प्रक्रिया UGC के PhD नियमों और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के PhD अध्यादेश के अनुसार होगी।











