28 अगस्त 2026 को साल का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण लगेगा। यह आंशिक चंद्र ग्रहण होगा और इसका बड़ा हिस्सा पृथ्वी की गहरी छाया में रहेगा। हालांकि, भारत में रहने वाले लोग इस खगोलीय घटना को आसमान में नहीं देख पाएंगे।
28 अगस्त को लगेगा साल का आखिरी चंद्र ग्रहण ,भारत में नहीं आएगा नजर
साल 2026 का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण 28 अगस्त को देखने को मिलेगा। यह पूर्ण चंद्र ग्रहण नहीं, बल्कि आंशिक चंद्र ग्रहण होगा। इस दौरान पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आएगी, लेकिन तीनों पूरी तरह एक सीध में नहीं होंगे। ऐसे में चंद्रमा का एक बड़ा हिस्सा पृथ्वी की गहरी छाया में चला जाएगा।यह ग्रहण काफी गहरा आंशिक ग्रहण होगा। इसका आंशिक चरण करीब 3 घंटे 18 मिनट तक चलेगा, जबकि पेनुम्ब्रल यानी हल्की छाया वाला पूरा चरण लगभग 5 घंटे 38 मिनट का होगा।
सुबह के समय होगा ग्रहण
भारतीय समय के मुताबिक ग्रहण की शुरुआत पेनुम्ब्रल चरण के साथ करीब सुबह 6:53 बजे होगी। आंशिक ग्रहण करीब 8:03 बजे शुरू होगा और लगभग 11:22 बजे खत्म होगा। ग्रहण का सबसे ज्यादा असर करीब सुबह 9:43 बजे दिखाई देगा।हालांकि, भारत के लिए इन समयों का मतलब सिर्फ खगोलीय गणना तक ही है, क्योंकि उस समय चंद्रमा भारत के आसमान में क्षितिज के नीचे होगा।
भारत में क्यों नहीं दिखाई देगा?
28 अगस्त का चंद्र ग्रहण भारत से दिखाई नहीं देगा। इसकी वजह यह है कि ग्रहण के दौरान चंद्रमा भारत के स्थान से नजर आने वाली दिशा में मौजूद नहीं होगा।इस ग्रहण को मुख्य रूप से उत्तर और दक्षिण अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका के कुछ हिस्सों और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र से देखा जा सकेगा।













