भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने महिला एशिया कप 2026 में थाईलैंड के खिलाफ बिना कोई रन दिए 3 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। इसी के साथ वह थाईलैंड की थिपाचा पुत्तावोंग को पीछे छोड़ बनीं महिला टी20 इंटरनेशनल की सबसे बड़ी विकेट टेकर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। महिला एशिया कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए दीप्ति ने बिना कोई रन दिए 3 विकेट चटकाए और इसी के साथ वह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। यह कारनामा रविवार, 30 अगस्त 2026 को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुआ। मौका था ACC महिला एशिया कप 2026 के पहले ग्रुप-A मुकाबले का, जहां टीम इंडिया का सामना थाईलैंड से था। भारत ने इस मैच को 94 रन के विशाल अंतर से अपने नाम कर टूर्नामेंट का धमाकेदार आगाज़ किया।
कैसे बुना गया ये जादुई स्पेल
दीप्ति शर्मा के लिए दिलचस्प बात यह रही कि यह मुकाबला दीप्ति शर्मा के करियर का 150वां टी20 इंटरनेशनल मैच था। इस ऐतिहासिक मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 1.1 ओवर में बिना कोई रन खर्च किए 3 विकेट अपने नाम किए। पहले उन्होंने नौवें ओवर में लगातार दो विकेट लेकर थाईलैंड को 44/6 पर समेट दिया, और फिर 17वें ओवर की अपनी पहली ही गेंद पर विकेटकीपर-बल्लेबाज को आउट कर अपना 3/0 का कमाल स्पेल पूरा किया। इसी प्रदर्शन के दम पर थाईलैंड की टीम महज 65 रन पर ऑलआउट हो गई।
क्या रिकॉर्ड बना और क्यों है यह खास
इस स्पेल के साथ ही दीप्ति शर्मा का कुल विकेटों का आंकड़ा 171 पहुंच गया, जिससे उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुत्तावोंग (170 विकेट) को पीछे छोड़ते हुए महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया। खास बात यह भी है कि दीप्ति का यह 3/0 स्पेल किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा महिला टी20 इंटरनेशनल में लिया गया अब तक का सबसे किफायती तीन विकेट हॉल भी बन गया, जिसने रेणुका सिंह के पुराने रिकॉर्ड (3/5, श्रीलंका के खिलाफ, सिलहट 2022) को पीछे छोड़ दिया।
- 171* – दीप्ति शर्मा (IND-W)
- 170 – थिपाचा पुत्थावोंग (THA-W)
- 164 – हेनरीट इशिम्वे (RWA-W)
- 154 – सोफी एक्लेस्टोन (ENG-W)
- 153 – कैरी चैन (HKG-W)
- 153 – ओनिचा कामचोम्फू (THA-W)
किन खिलाड़ियों का रहा योगदान
मैच में भारत की ओर से शैफाली वर्मा के आक्रामक प्रदर्शन ने भारत को मैच में मजबूत बढ़त दिलाई। जिसके बदौलत भारत ने एक मजबूत स्कोर खड़ा किया। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा के अलावा नंदिनी शर्मा ने भी तीन विकेट चटकाकर थाईलैंड के बल्लेबाजी क्रम को उधेड़ने में बड़ी भूमिका निभाई। जिसका फायदा टीम इंडिया को आगे चलकर मिला।
दीप्ति का यह रहा ऐतिहासिक उपलब्धि
दीप्ति ने एशिया कप से पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में लगे कैंप को टीम के अच्छे प्रदर्शन का श्रेय दिया और कहा कि इस अभ्यास सत्र से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।दीप्ति शर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक नया मुकाम हासिल किया है। इससे पहले पुरुष और महिला दोनों वर्गों में कोई भारतीय गेंदबाज टी20 इंटरनेशनल के सर्वकालिक विकेट चार्ट में शीर्ष पर नहीं रहा था। अब भारतीय टीम की निगाहें एशिया कप 2026 में आगे के मुकाबलों में इसी लय को बरकरार रखने पर टिकी हैं।
अगला मुकाबला 3 सितंबर को
भारत ने थाइलैंड को हराकर विमेंस एशिया कप में अपना पहला मैच जीत लिया है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया को दूसरा मुकाबला हॉन्ग-कॉन्ग के खिलाफ अब 3 सितंबर को है। ग्रुप स्टेज के आखिरी और बहुप्रतीक्षित मुकाबले में टीम इंडिया चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से 5 सितंबर को भिड़ेगी।














