उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं और छात्राओं को लेकर कई बड़े वादे किए हैं। अखिलेश यादव और डिंपल यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत गरीब महिलाओं को हर साल ₹40 हजार देने के साथ छात्राओं को मुफ्त लैपटॉप और बस-मेट्रो में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है।
महिलाओं को हर साल मिलेंगे ₹40 हजार
लखनऊ में समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय महिला समानता दिवस के मौके पर महिलाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए। अखिलेश यादव और डिंपल यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ की घोषणा करते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर गरीब महिलाओं को शुरुआत में हर साल ₹40 हजार की आर्थिक मदद दी जाएगी।
पार्टी का कहना है कि इस योजना का मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद करना है। आगे चलकर सहायता राशि बढ़ाने की भी बात कही गई है।

छात्राओं को फ्री लैपटॉप और मुफ्त सफर
अखिलेश यादव ने छात्राओं को लेकर भी बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि 12वीं पास करने वाली छात्राओं को मुफ्त लैपटॉप दिए जाएंगे। इसके साथ ही छात्राओं के लिए बस और मेट्रो में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की बात कही गई है।सपा ने छात्राओं को साइकिल देने की योजना जारी रखने का भी वादा किया है। पार्टी का कहना है कि इन कदमों से लड़कियों की पढ़ाई और आने-जाने में मदद मिलेगी।
26 हजार स्कूल खोलने का दावा
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बंद हुए करीब 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को दोबारा खोलने की बात भी कही। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने का वादा किया।
महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का वादा
सपा की ओर से महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 33 फीसदी आरक्षण देने की बात भी कही गई है। इसके अलावा कामकाजी महिलाओं के लिए महीने में कम से कम दो दिन आकस्मिक अवकाश जैसी व्यवस्था का प्रस्ताव रखा गया है।महिला सुरक्षा के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने सपा सरकार के समय शुरू की गई 1090 महिला हेल्पलाइन का भी जिक्र किया
2027 चुनाव से पहले बड़ा दांव
इन घोषणाओं को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा की महिला और युवा वोटरों पर खास पकड़ बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, अभी ये चुनावी वादे हैं, सरकारी योजनाएं लागू नहीं हुई हैं। इनका अमल सपा के सत्ता में आने की स्थिति में ही होगा।











