तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले के कोट्टैयूर गांव से स्कूल के भोजन को लेकर चिंताजनक मामला सामने आया है। सरकारी मिडिल स्कूल में गुरुवार को छात्रों को नाश्ते में खिचड़ी और सांभर परोसा गया था। भोजन में कथित तौर पर मरी हुई छिपकली मिलने के बाद करीब 38 से 40 छात्रों की तबीयत बिगड़ गई।
नाश्ता खाने के बाद कई छात्रों ने चक्कर और उल्टी की शिकायत की। इसके बाद प्रभावित बच्चों को तिरुवल्लूर सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ले जाया गया जहां, उनका इलाज किया गया।
अस्पताल में कराया गया इलाज
तबीयत बिगड़ने के बाद प्रभावित बच्चों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। रिपोर्टों के अनुसार 38 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। कुछ अन्य रिपोर्टों में करीब 40 बच्चों के इलाज की जानकारी दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, बच्चों की हालत स्थिर रही अब बच्चे खतरे से बाहर हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद अभिभावक भी अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हाल जाना।
प्रशासन ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद तिरुवल्लूर की जिला कलेक्टर एस. कविता ने अस्पताल पहुंचकर प्रभावित छात्रों से मुलाकात की इसके बाद स्कूल की रसोई और भोजन व्यवस्था की जांच की अधिकारियों ने बताया कि स्कूल की रसोई एक शेड में थी और आशंका जताई गई वहीं से छिपकली भोजन में गिर गई होगी। हालांकि, घटना के कारणों की जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है
अधिकारियों ने स्कूल की रसोई की सफाई, कीट नियंत्रण और परिसर की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए है। साथ ही भोजन परोसने से पहले उसकी गुणवत्ता जांचने और शिक्षकों द्वारा भोजन चखने की प्रक्रिया को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं।
भोजन की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद सरकारी स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते की स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे हैं। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भोजन के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए है।











